शिविर में देर से पहुंचे अधिकारी, बेहाल हुए बुजुर्ग
खीरों (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र मुख्यालय पर दो दिवसीय पेंशन शिविर के पहले दिन अव्यवस्थाएं रहीं। बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग पेंशन के लिए तो समय से पहुंच गए, लेकिन अधिकारियों के देर से पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक राकेश प्रताप सिंह ने ब्लॉक मुख्यालय पर 10 लाख की लागत से जीर्णोद्धार कर तैयार किए गए आगंतुक और जनप्रतिनिधि कक्ष का उद्घाटन किया। साथ ही आए अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभार्थियों के फॉर्म तैयार करके उन्हें पेंशन दिलाई जाए।
ब्लॉक मुख्यालय खीरों में आयोजित पेंशन शिविर में अधिकांश कर्मचारियों के देर से आने पर लाभार्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे के बाद स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग समेत अन्य अधिकारी ब्लॉक पहुंचे। लाभार्थियों के फॉर्म भरवाकर जमा कराए। ग्राम प्रधान अशोक त्रिवेदी ने बताया कि कई महीने से पेंशन फीडिंग की वेबसाइट बंद होने से आवेदन फीड नहीं हो पा रहे हैं। तमाम लोगों के आवेदन पेंडिंग पड़े हैं। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख उमाशंकर यादव, नारायण शुक्ला, श्याम शरण यादव, अशोक त्रिवेदी, आदि मौजूद रहे।