रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने भारी मात्रा में शराब बरामद की है। यह शराब हरियाणा प्रांत से बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने डीसीएम चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में पाया गया कि हरियाणा का रहने वाला डीसीएम मालिक ही अवैध शराब की तस्करी का कार्य अरसे से कर रहा था। ट्रक मालिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
पुलिस कार्यालय में सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने बताया कि हरियाणा से डीसीएम पर अवैध शराब लादकर बिहार ले जायी जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर सदर कोतवाल अतुल सिंह, स्वाट-सर्विलांस टीम प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी ने लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित त्रिपुला चौराहा के पास डीसीएम यूपी 12 एटी 6510 को रोक लिया।
डीसीएम की तलाशी की गई तो उसमें शराब की पेटियां रखी थी। एएसपी ने बताया कि राजस्थान प्रांत के बाडमेर जिले के रामसर थाना क्षेत्र के जायडू निवासी मोटाराम को गिरफ्तार किया गया। ट्रक से 242 पेटी शराब की बरामद की गई है। इसमें 115 पेटी आईवी अंग्रेजी शराब और 127 पेटी हैविट रम अंग्रेजी शराब की है। इसमें कुल 8196 बोतलें थी।
बरामद की गई शराब की कीमत करीब 16 लाख रुपये है। डीसीएम मालिक ही अवैध शराब की तस्करी कर रहा था। ट्रक मालिक हरियाणा का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। सदर कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए चालक ने बताया कि डीसीएम का मालिक राजेश है।
राजेश को ही शराब हरियाणा बार्डर से बिहार बार्डर तक ले जानी थी। जहां अन्य कोई व्यक्ति इस शराब को बिहार में पहुंचाता है। चेकिंग से बचने के लिए ही फर्जी बिल्टी बनवा रखी थी। कोतवाल का कहना है कि पकड़े गए डीसीएम चालक के पास मिले एक मोबाइल नंबर से पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। बरामद शराब की बिक्री हरियाणा की जाती है, लेकिन इसे अवैध तरीके से बिहार ले जाया जा रहा था।
एएसपी ने सदर कोतवाल अतुल सिंह, स्वाट-सर्विलांस टीम प्रभारी अमरेश त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, त्रिपुला चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार अवस्थी समेत पूरी पुलिस टीम को अवैध शराब बरामद किए जाने पर पुरस्कृत किए जाने की बात कही। कहा कि नए साल का यह पुलिस का बड़ा कार्य है।