गंगा दशहरा स्नान के लिए नहीं किए गए कोई इंतजाम
डलमऊ (रायबरेली)। गंगा दशहरा बुधवार को है, डलमऊ के विभिन्न घाटों पर स्नान के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ेगी, लेकिन नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए हैं। एक ओर उन्हें अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या से जूझना पड़ेगा, वहीं घाटों पर अव्यवस्थाओं के चलते भी खूब पसीना बहाना पड़ेगा। सुविधाओं को लेकर अफसरों ने कोई तैयारी नहीं की है।
गंगा दशहरा पर जिले के अलावा अन्य जनपदों के लोग यहां स्नान करने आते हैं। गंगा स्नान कर घाटों के किनारे मंदिरों और शिवालयों में पूजा अर्चना कर मिन्नतें मांगते हैं। 12 जून बुधवार को होने वाले गंगा दशहरा स्नान पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
मुराई बाग चौराहे से पड़वा नाला तक नगर पंचायत द्वारा बनवाई जा रही इंटरलॉकिंग सड़क पर मिट्टी, गिट्टी और ईंटों के ढेर लगा दिए गए हैं। इससे जाम लगना तय है। मुराईबाग कस्बे से फैले अतिक्रमण से होने वाली दुर्घटनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।
नमामि गंगे योजना के तहत स्नान घाटों पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते ऊबड़खाबड़ घाटों पर लोगों को स्नान करना पड़ेगा। हर बार की इस बार भी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष बृजेश दत्त गौड़ ने बताया कि गंगा स्नान के सड़कों पर लगाई गई निर्माण सामग्री को हटवा दिया जाएगा, ताकि लोगों को आने-जाने में राहत मिल सके।