हरचंदपुर थाना क्षेत्र में शॉर्टसर्किट से हुआ हादसा
हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात झोपड़ी में सो रही एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। जानकारी पर आग बुझाकर उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पर पुुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की।
महिला की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि शॉर्टसर्किट के चलते आग लगी। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के पूरे बबुरिहा मजरे सरावा गांव की रहने वाली संजू सोनकर (26) पत्नी दिनेश सोनकर झोपड़ी के अंदर सो रही थी, जबकि उसका पति घर के बाहर सो रहा था। देर रात अचानक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते झोपड़ी धू-धू करके जलने लगी।
झोपड़ी के अंदर सो रही संजू जलने लगी। उसके शोरगुल पर घटना की जानकारी उसके पति व अन्य लोगों को हुई। ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक संजू सोनकर की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी।
बताया जाता है कि शॉर्टसर्किट के चलते झोपड़ी में आग लग गई और इसकी जानकारी मृतका को नहीं हो सकी। कार्यवाहक थानेदार एमपी सिंह का कहना है कि आग से जलकर महिला की मौत हुई है। शॉर्टसर्किट से आग लगी थी।