रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा-2019 में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी न करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई होगी।
जरूरत पडे़गी तो मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। मामले में बोर्ड के निर्देश के बाद डीआईओएस ने चेतावनी दी है। उधर, परीक्षा केंद्रों पर कक्षों में स्लिप लगाने का काम शुरू हो गया है।
सात फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। जिले में परीक्षा कराने के लिए 4426 कक्ष निरीक्षकों की जरूरत है। आशंका है कि पूर्व की भांति इस बार भी शिक्षक परीक्षा में ड्यूटी न करने की मूड बना रहे हैं।
इसकेे लिए विभाग ने पहले से ही कमर कस ली है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि बोर्ड से निर्देश दिए गए गए हैं कि परीक्षा में ड्यूटी न करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में शिक्षकों को चेतावनी दी गई है कि ड्यूटी न करने पर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।