सतांव (रायबरेली)। बांदा जिले में अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती की परीक्षा कराने के लिए जा रही मैजिक रविवार सुबह गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-लालगंज मार्ग पर बढ़इन का पुरवा गांव के पास ट्रक से भिड़ गई।
हादसे मेें मैजिक चालक समेत सभी सात लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई।
रविवार सुबह मैजिक पर सवार होकर कुछ अभ्यर्थी बंादा जिले में पुलिस भर्ती की परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 7.15 बजे रायबरेली-लालगंज मार्ग पर बढ़इन का पुरवा गांव के पास ट्रक से मैजिक भिड़ गई।
हादसे में मैजिक सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां मैजिक ड्राइवर सदर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी कुलदीप यादव (28) पुत्र रामसिद्ध यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभिषेक पूरेदौली, कुलदीप निवासी दरीबा, अभिषेक निवासी राघनपुर, शशांक उर्फ शानू निवासी पूरे बैसन, शानू निवासी बैसन का पुरवा और प्रशांत निवासी सत्यनगर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक पुलिस के कब्जे में है। ट्रक का चालक भाग गया है।