शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के निहालखेड़ा मजरे सूरजपुर कच्ची दीवार ढहने से परिवार के सभी सात लोग दब गए। सूचना पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबे से सभी को बाहर निकाला। दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी बेचालाल को अब तक आवास का लाभ नहीं दिया गया। उसनेे आवास के लिए बीडीओ से लेकर जिला अधिकारी, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री तक को पत्र भेजा, लेकिन उसे आवास नहीं मिला।
बेचालाल अपनी पत्नी राजकुमारी, पुत्र मनीष, बाबूलाल, अनुज, सतीश, पुत्री शिवकुमारी के साथ कच्ची दीवार के सहारे रखे छप्पर के नीचे जीवन यापन कर रहा था। शनिवार रात अचानक छप्पर सहित दीवार ढह गई।
मलबे में पूरा परिवार दब गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह पूरे परिवार को मलबे से बाहर निकाला। हादसे में मनीष व बाबूलाल की हालत नाजुक होने पर उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
हल्का लेखपाल तुषार साहू ने बताया कि तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। पीड़ित परिवार को शासन की ओर से हर संभव लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।