देश की तरक्की, भाईचारे के लिए उठे हाथ
रायबरेली। जिले में शनिवार को बकरीद धूमधाम के साथ मनाई गई। ईदगाहों और मस्जिदों में मुसलमानों ने नमाज अदा कर देश की तरक्की और अमन-चैन की दुआ मांगी। एक-दूसरे से गले मिलकर सभी को बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों ने भी त्योहार का भरपूर आनंद लिया। इस मौके पर मुसलमानों ने बकरे की कुर्बानियां भी दी। डीएम अभय सिंह, एएसपी शशि शेखर सिंह, एडीएम प्रशासन तिलकधारी, सिटी मजिस्ट्रेट आलोक कुमार, सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय ने लोगों को बकरीद की बधाई दी।
सुबह होते ही ईदगाहों और मस्जिदों पर नए कपड़ेे पहनकर सभी लोग पहुंच गए। छोटे से लेकर बड़े, बुजुर्ग तक के चहरे में नमाज पढ़ने को लेकर उत्साह रहा। डबल फाटक ईदगाह में मौलाना बिलाल, आजाद नगर मदीना मस्जिद में कारी बदरे आलम, जामा मस्जिद बड़ा घोसियाना में कारी शमीम, खिन्नीतल्ला में मौलाना नासिर, नया पुरवा में हाफिज मोहम्मद नसीम, उत्तरदारवाज़ा में कारी मुमताज, मस्जिद हबीब खां में हाफिज जलील ने नमाज अदा कराई। नमाज अदा करने के बाद सभी गले मिले और एक दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। अंतरराष्ट्रीय सूफी धर्मगुरु मौलाना सैयद मोहम्मद अहमद जायसी जिलानी ने अनवर नगर मस्जिद में नमाज के पहले कहा कि हमसे दूसरों को तकलीफ नहीं हो यह हमारा मजहब बताता है। उन्होंने हजरत इब्राहीम की अल्लाह की राह में दी कुर्बानी का जिक्त्रस् करते हुए कहा कि अल्लाह अपने बंदों को नेक अमल करते देखना चाहता।
शिया कौमी मस्जिद में इमाम जुमा मौलाना कंबर अली ने कहा कि इस्लाम बराबरी, पड़ोसियों और मुल्क से मोहब्बत की तालीम देता है। भारत दुनिया का खूबसूरत मुल्क है। इसकी हिफाजत करना हमारे ईमान का एक हिस्सा है। शहर काजी मुफ्ती महमूद अख्तर मिस्बाही ने बारादरी मस्जिद गुलाब रोड में फरमाया की इस्लाम हमको इंसानियत के लिए सब कुछ कुर्बान करने की तालीम देता है। उन्होंने प्रेम सद्भाव भाईचारा कायम रखने पर जोर दिया। अख्तर अंसारी, हाजी खालिद, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष मो. इलियास, हासिम खां, हाजी वासिफ कलीम, अतीक अंसारी, मुस्ताक अली, इम्तियाज हुसैन आदि ने नमाज व्यवस्था में सहयोग किया।