बिना पंजीकरण संचालित कोचिंग पर होगी कार्रवाई
रायबरेली। जिले में बिना पंजीकरण के कोचिंग चलाई जा रहीं हैं। चेतावनी के बावजूद न तो इनकों बंद किया गया है और न ही पंजीकरण कराया जा रहा है। ऐसे मनमाने संचालकों के खिलाफ जल्दी ही अभियान चला कर कोचिंग का सत्यापन किया जाएगा। बिना पंजीकरण मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। ऐसा भी संज्ञान में आया है कि कई सरकारी शिक्षक भी कोचिंग चला रहे हैं।
डीआईओएस गिरधारी लाल कोली ने कहा है कि शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक कोचिंग चलाई जा रही हैं। इनका पंजीकरण नहीं कराया गया है। यह हाल तब है, जब संचालकों से पंजीकरण कराने को कहा गया है। कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन मनमाने संचालक अपनी कार्यशैली से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों की कोचिंग का गोपनीय सत्यापन कराया जा रहा है। इनमें अब तक कई कोचिंग ऐसी मिली हैं, जिनका पंजीकरण नहीं है। अवैध कोचिंग की संख्या बहुत ज्यादा है, जबकि पंजीकरण की बहुत कम है। उन्होंने बिना पंजीकरण के कोचिंग चलाने वालों को सख्त हिदायत दी है कि वे पंजीकरण करा लें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होना तय है। सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई शुरू की जाएगी। ब्यूरो