घायल युवक के पास से तमंचा व छह कारतूस मिले
- अप्टाकांड के मृतक रोहित के गांव के पड़ोस का रहने वाला है घायल
अमर उजाला ब्यूरो
सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के समसपुर खालसा गांव के समीप स्थित तालाब के किनारे गुरुवार को घायल पडे़ युवक के पास से एक तमंचा व आधा दर्जन से अधिक कारतूस समेत अन्य संदिग्ध सामान बरामद होने से हड़कंप मच गया। पीएचसी के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलावस्था में पाया गया युवक बेहोश था। बताया जा रहा है कि अप्टा कांड में मारे गए रोहित शुक्ला के गांव के पास के गांव का युवक रहने वाला है।
समसपुर खालसा स्थित तालाब के समीप जितेंद्र यादव (25) पुत्र रामचंद्र यादव निवासी मटियारी डगरार थाना लालगंज अझारा प्रतापगढ़ गुरुवार दोपहर लगभग दो बजे घायल अवस्था में पड़ा था। ग्रामीणों के मुताबिक युवक अपने एक साथी के साथ बाइक से स्टंट करते हुए दुर्घटना का शिकार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब पहचान के लिए युवक की तलाशी ली तो उसके पास एक तमंचा, आधा दर्जन से अधिक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल, पांच अलग-अलग कंपनी के सिम और बाइक की चाभियां बरामद हुई। पुलिस ने युवक को पीएचसी सलोन में भर्ती कराने के बाद उसके बारे में जानकारी हासिल करनी शुरू की। सूत्रों के मुताबिक हाल ही में ऊंचाहार के अप्टा गांव में जिंदा जलाए गए पूर्व प्रधान रोहित शुक्ला के गांव के समीप का युवक रहने वाला है। कोतवाल जीडी शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। युवक के होश में आने के बाद ही और जानकारियां हासिल हो सकेगी।