चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
खीरों (रायबरेली)। लालगंज उप जिलाधिकारी सुल्तान अशरफ सिद्दीकी ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खीरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएचसी में तैनात डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई और अभिलेखों, दवा के स्टॉक और वितरण का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. यूसी वर्मा ने सीएचसी में दवाओं की कमी के साथ ही तैनाती के बाद से ही महिला डॉक्टर मुक्ता भारती के लगातार अनुपस्थिति रहने के संबंध में एसडीएम को अवगत कराया। एसडीएम ने निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें और किसी भी मरीज को बाहर की दवा न लिखी जाए। कहा कि दवाओं की कमी और महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति के बारे में विभागीय उच्चाधिकारियों और शासन को सूचना भेज कर कार्रवाई की जाएगी।