दहेज के लिए महिला को पीटा, जलाने का प्रयास
- पति समेत तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
परशदेपुर (रायबरेली)। नसीराबाद थना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने से विवाहिता को न सिर्फ जलाने का प्रयास किया, बल्कि मारपीट कर घायल कर दिया गया। शनिवार को पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
नसीराबाद कस्बे के वार्ड नंबर दो की रहने वाली गुड़िया देवी की शादी छह साल पहले कल्लू के साथ हुई थी। विवाहिता के दो बच्चे हैं। उसका आरोप है कि पति और ससुरालीजन उससे एक लाख रुपये नगद और बाइक की मांग करते हैं। 8 जून को पति कल्लू ने उससे कहा कि अपने घर वालों से एक लाख नगद व एक बाइक मांगों नहीं अपने घर चली जाओ। मना करने पर मुझे मारा पीटा और मिट्टी का तेल डालकर जलाने का प्रयास किया।
चीखने-चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीणों ने उसे बचाया और सीएचसी नसीराबाद पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज कराने के बाद जब वह घर आई तो फिर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। उधर एसओ नसीराबाद बृजमोहन सिंह ने बताया की पीड़िता गुड़िया देवी की तहरीर पर पति कल्लू, ससुर रामकिशोर व सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।