रायबरेली। खाद्य पदार्थों की जांच और लोगों को जागरूक करने के लिए एफएसडीए की मोबाइल वैन जीआईसी ग्राउंड में लगे मेला क्षेत्र में पहुंची। 40 खाद्य कारोबारियों के साथ ही 250 से अधिक ग्राहकों को खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। 49 खाद्य पदार्थों का ऑन-द-स्पॉट परीक्षण किया गया, जिनमें 15 खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं मिले।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचनलता तिवारी व शेफाली रस्तोगी ने उपभोक्ताओं को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं एफएसएसएआई के मानकों के संबंध में जागरूक किया। खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने व प्रतिबंधित रंग और अजीनोमोटो का प्रयोग न करने के निर्देश दिए।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि जागरूकता के लिए टीमों को भेजा जा रहा है। जीआईसी ग्राउंड मेला में टीम ने लोगों को खाने में प्रतिबंधित सिंथेटिक फूड कलर का इस्तेमाल न करने की सलाह दी। फूड बिजनेस परिसर में साफ-सफाई और हाइजीन बनाए रखने के निर्देश दिए। डीप फ्राइंग के मामले में कुकिंग ऑयल का तीन बार से ज्यादा इस्तेमाल न करने की सलाह भी दी।