रायबरेली। कार्यालयों से गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएम के आदेश पर एक साथ अधिकारियों की टीम ने जिले के 12 ब्लॉकों समेत 22 कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान 147 अधिकारी और कर्मचारी गैरहाजिर मिले। निरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद डीएम ने संबंधितों का एक-एक दिन का वेतन रोक दिया। उन्होंने नोटिस देकर विभागाध्यक्षों के माध्यम से जवाब देने के आदेश दिए। अधिकारियों ने 12 ब्लॉकों, सात सीएचसी, दो नगर पंचायतों और एक बाल विकास पुष्टाहार कार्यालय का एक साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण में ब्लॉक अमावां में दो, सलोन में तीन, छतोह में नौ, महराजगंज में 12, शिवगढ़ में सात, बछरावां में पांच, लालगंज में एक, खीरों में 10, सरेनी में सात, डलमऊ में चार, रोहनियां में 11, जगतपुर में 12 अधिकारी और कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इसके अलावा सीएचसी अमावां में दो, हरचंदपुर में आठ, सलोन में एक, महराजगंज में एक, शिवगढ़ में छह, सरेनी में आठ, डलमऊ में 14 चिकित्सक व कर्मचारी गैरहाजिर मिले। नगर पंचायत डलमऊ में चार और नगर पंचायत ऊंचाहार में 17 लोग गैरहाजिर मिले। सीडीपीओ कार्यालय शिवगढ़ में तीन लोग गैरहाजिर मिले।
अधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय कार्यालय में उपस्थिति की जांच के लिए 22 कार्यालयों का निरीक्षण कराया गया। 147 चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी गैरहाजिर मिले। संबंधितों का एक-एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया है।
- सरनीत कौर ब्रोका, डीएम