रायबरेली। शहर में 111 करोड़ रुपये खर्च कर 38 किलोमीटर दायरे सीवर लाइन बिछाई जाएगी। प्रदेश के स्टांप न्यायालय शुल्क पंजीयन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री व जिले के प्रभारी नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शुक्रवार को अहमदपुर नजूल गोराबाजार में भूमि पूजन कर योजना को शुरू कराया।
मंत्री ने कहा कि अटल नवीनीकरण एवं शहरी रूपांतरण मिशन के तहत यह योजना स्वीकृत है। योजना में शहर में 38 किलोमीटर सीवर लाइन दो फेज में पूरी की जाएगी।
योजना से करीब ढाई लाख आबादी को फायदा होगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था जलनिगम को मानक के अनुरूप समय से काम पूरा कराने के आदेश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस सीवरेज प्लांट से पर्यावरण प्रदूषण से जहां मुक्ति मिलेगी वहीं पानी का शुद्धीकरण भी होगा। सरकार ने जिले को हमेशा नई-नई योजनाओं का लाभ दिया है।
उन्होंने कहा कि इस योजना को समय से पूरा कराया जाएगा। समय समय पर कार्यों का निरीक्षण किया जाएगा, जिससे मानकों की अनदेखी न हो सके।
डीएम संजय कुमार खत्री ने कहा कि हमें पर्यावरण संरक्षण संतुलन की दिशा में भी सोचना है। इस परियोजना को गुणवत्तापूर्वक बनाया जाएगा।
समय से इसका काम पूरा कराया जाएगा। इस योजना के पूर्ण हो जाने पर कई वार्डों से प्रदूषित पानी को साफ भी किया जाएगा।
इस मौके पर विधायक अदिति सिंह, सीडीओ राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. राजेश प्रजापति, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राम अभिलाष, अधिशाषी अभियंता जलनिगम जनार्दन सिंह, मुशीर अहमद, अध्यक्ष नगर पालिका पूर्णिमा श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।