डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को ट्रक से मौरंग उतारते समय एक मजदूर ऊपर से गुजरी बिजली लाइन की चपेट में आ गया।
आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया। उधर, जानकारी मिलने के बाद भी पुलिस दो घंटे बाद पहुंची। इससे लोग आक्रोशित हो गए।
तहसील पहुंचकर हंगामा किया। ट्रक को छोड़े जाने नाराज लोगों ने राजमार्ग जाम कर दिया। जानकारी होने पर कोतवाली के अलावा गदागंज पुलिस व क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत कराया।
पचखरा मजरे डलमऊ निवासी फूलचंद ट्रक से मौरंग उतारने के लिए जोहवानटकी गांव गया था। मौरंग उतारते समय ऊपर से गुजरी लाइन के संपर्क में आ गया और करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया।
ग्रामीणों की चीख सुनकर आसपास के लोगों ने गंभीर हालत में उसे डलमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचकर एसडीएम जीतलाल से शिकायत की।
बाद में पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो ट्रक को छोड़े जाने की जानकारी हुई।
इससे लोग आक्रोशित हो गए। ग्रामीणाें ने मुराईबाग कस्बे में ऊंचाहार-उन्नाव मार्ग जाम कर दिया। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी होते ही डलमऊ, गदागंज पुलिस के अलावा क्षेत्राधिकारी विनीत कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया। इस दौरान करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। सीओ ने बताया कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।