रायबरेली। भदोखर पुलिस और स्वॉट टीम ने दो इनामी समेत छह डकैतों को गिरफ्तार किया है। जबकि गिरोह के चार बदमाश मौके से भाग निकले।
इनके पास से नकदी, जेवरात समेत पांच लाख का सामान बरामद हुआ है। पुलिस की मानें तो डकैत वारदात को अंजाम देने से पहले रेकी करते थे। पकड़े गए बदमाशों ने कई थाना क्षेत्रों में डकैती और चोरी की घटनाओं में हाथ होने की बात कुबूली है।
एएसपी शशि शेखर सिंह ने बताया कि भदोखर एसओ जीडी शुक्ला, दरोगा पंकज त्रिपाठी और स्वॉट टीम प्रभारी राकेश सिंह की टीम ने मंगलवार रात मुंशीगंज नवनिर्मित बाईपास पर ईदगाह के पास से डकैतों के एक गिरोह को दबोचा।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान मिल एरिया थाना क्षेत्र के गोसाई का पुरवा निवासी छोटे पासी, हीरालाल का पुरवा मजरे पूरे संदी, भुंडी का पुरवा मजरे अमावां निवासी रंजीत पासी, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बेलहटा निवासी शत्रोह्न पासी, गदागंज थाना क्षेत्र के बरारा बुजुर्ग निवासी साजन पासी, महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के आनंद नगर निवासी अमित रस्तोगी के रूप में हुई है।
वहीं हिम्मत पासी, भगौती पासी, जिरहू पासी, भुनेश मौके से भाग गए। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शत्रोह्न पासी और साजन पासी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इनके पास से दो किलो चांदी के जेवरात, 30 ग्राम सोने के जेवरात, 22 हजार रुपये, कॉस्टमेटिक के सामान समेत पांच लाख कीमत का सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने डकैताें के पास से दो तमंचे भी बरामद किए हैं।
एएसपी ने बताया कि पकड़े गए डकैत गिरोह बनाकर जिले में घूम-घूमकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। पकडे़ गए आरोपियों ने ही महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में डकैती की दो घटनाएं, जगतपुर थाना क्षेत्र में दो, जगतपुर क्षेत्र में एक, गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में एक, भदोखर थाना क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
उन्होंने बताया कि डकैतों को पकड़ने वाली भदोखर पुलिस को डीजीपी ने 25 हजार और एसपी रायबरेली ने दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की बात कही है।