पार्किंग न बनवाने वाले 30 बिल्डरों को नोटिस
रायबरेली। शहर में जाम का पर्याय बने ऊंचे-ऊंचे कांप्लेक्सों के मालिकों पर शिकंजा कसा गया है। बिना मैप पास कराए कांप्लेक्सों का निर्माण तो करा लिया गया लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं की। डीएम के आदेश पर 30 बिल्डरों को नोटिस दिया गया है। सभी को सात दिन में जवाब देने के आदेश दिए गए हैं।
शहर में जाम की बड़ी समस्या है। इसके लिए पिछले सप्ताह व्यापारियों व अधिकारियाें के साथ बैठक कर डीएम ने समस्या से निपटने के लिए हल निकालने का प्रयास किया था। बैठक में कांप्लेक्सों में पार्किंग की व्यवस्था न होने की बात भी उठी थी। आधे से अधिक कांप्लेक्सों के नक्शे तक पास नहीं हैं, जिन कांप्लेक्सों के नक्शे पास भी हैं, उनमें भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। डीएम ने सोमवार को आरडीए पहुंचकर अधिकारियों को कांप्लेक्सों की पार्किंग की जांच करके रिपोर्ट देने का आदेश दिया था।
डीएम के आदेश पर अवर अभियंता सुनील कुमार त्यागी और पीसी श्रीवास्तव व अन्य इंजीनियरों ने डिग्री कॉलेज चौराहा, कैनाल रोड़, सिविल लाइन आदि कई स्थानों पर बने कांप्लेक्सों की जांच की। कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं मिली। इस संबंध में एनएच-24 पर कांप्लेक्स बनवाने वाले हरिहर सिंह, मुबीन, एमजीएस फोर्ड के संचालक को नोटिस दिया गया है। कचहरी रोड पर हसनैन कुरैशी, इंद्रजीत सिंह, कैनाल रोड स्थित बल्लू सरदार, राधेश्याम गुप्ता, मधुर शर्मा, शिवकुमार, तरबेज, मोबिन, इकबाल, जेल गार्डन रोड स्थित इमरान, विनोद कुमार, शशांक कुमार आदि को नोटिस देकर पार्किंग के संबंध में एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है।
डीएम व आरडीए के उपाध्यक्ष संजय कुमार खत्री ने बैठक में कांप्लेक्सों में पार्किंग की व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए थे। करीब 30 कांप्लेक्सों की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित बिल्डरों व मालिकों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।-एके राय, अधिशासी अभियंता, आरडीए