वाहन चलाते समय करें नियमों का पालन
सरेनी (रायबरेली)। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की सरेनी ब्लॉक क्षेत्र के आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरेनी में पुलिस की पाठशाला लगी। एसडीएम लालगंज राजेंद्र प्रसाद तिवारी, मुख्य जिला अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय, संरक्षक बृजेश सिंह, प्रबंधक मोहिनी मिश्रा, प्रधानाचार्य रोहित शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य जिला अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में यातायात नियमों का पालन करना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोगों को हेलमेट लगाकर, सीट बेल्ट पहन कर चलाना चाहिए। कार में छोटी हथौड़ी रखना चाहिए। कोई भी समस्या होने पर 100 नंबर पर फोन मिलाना चाहिए।
उपजिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन न करने पर आप सड़क हादसे का शिकार हो सकते हैं। अगर कोई भी लड़की अपनी शिकायत दर्ज कराती है तो उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवहन अधिकारी से बात कर यातायात चिह्न प्रत्येेक विद्यालय में लगवाने का प्रयास करेंगे। संरक्षक बृजेश सिंह ने कहा कि हमें अपने आप को अनुशासन में रखना चाहिए। सिर्फ यातायात के ही नहीं, बल्कि हर नियम को मानना चाहिए। प्रबंधक मोहिनी मिश्रा ने कहा कि बच्चे अपने माता पिता व घर के बड़े जो वाहन का प्रयोग करते हैं उनको यातायात के नियमों की जानकारी दें व उनका पालन करायें।
प्रधानाचार्य रोहित शर्मा ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन का प्रयास सराहनीय है। इससे बच्चों को सीख मिलेगी। उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करके हम अपनी व दूसरों की भी सुरक्षा कर सकते हैं। शिक्षक अमित कुमार ने कहा कि यातायात के नियमों की जानकारी से व उनका पालन करने से हम सड़क हादसों से बच सकते हैं। शिक्षक नेता रामप्रताप सिंह ने कहा कि छात्र/छात्राएं अपने गांव व घर में अभिभावकों व पड़ोसियों से यातायात नियमों का पालन करने के लिये जरूर कहें। साथ ही उन्हें यातायात की जानकारी भी दें। पाठशाला का संचालन कर रहे सुनील पाल ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करना जरूरी है। इस बात पर विषेष ध्यान देना चाहिए प्रतिदिन सड़क दुर्घटना से लोगों की जाने जाती है। इससे पहले विद्यालय की छात्रा कोमल रावत व अनामिका पाल ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।