बिना लाइसेंस चल रहीं एक हजार दुकानें, नोटिस
रायबरेली। एफएसडीए की ओर से खाद्य कारोबारियों के कराए गए सर्वे में चौंकाने वाले बात सामने आई है। सर्वे के मुताबिक एक हजार दुकानें बिना लाइसेंस के संचालित की जा रही हैं। इन सबको नोटिस जारी कर इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। खाद्य कारोबारियों से तत्काल विभाग में पंजीकरण कराकर लाइसेंस लेने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने वालों को कार्रवाई कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
शासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं कि हर खाद्य कारोबारी लाइसेंस लेकर ही खाद्य पदार्थों की बिक्री करे। शासन के निर्देश पर एफएसडीए में तैनात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से सर्वे कराया जा रहा था, जिसकी रिपोर्ट आ गई है। कार्यालय में दी गई रिपोर्ट के मुताबिक सलोन, सदर, ऊंचाहार, लालगंज, बछरावां, महराजगंज समेत अन्य क्षेत्रों में करीब पांच हजार दुकानों को चेक किया गया था। इसमें से एक हजार खाद्य कारोबारी ऐसे निकले, जो बिना लाइसेंस के ही अब तक खाद्य कारोबार कर रहे थे। एफएसडीए के अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि लाइसेंस लेकर ही खाद्य पदार्थों की बिक्री कराने के निर्देश दिए गए हैं। एक हजार खाद्य कारोबारियों को नोटिस देकर 15 दिन के भीतर लाइसेंस लेने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने वाले कारोबारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।