रायबरेली। दिवाली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए सोमवार को भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीम ने अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण कर कार्रवाई की। जगतपुर व डलमऊ क्षेत्र में टीम ने घटिया गुणवत्ता का 13.44 क्विंटल दाल, बेसन, माइक्रोनी, काजू व 148 लीटर रिफाइंड तेल मिलने पर, उसे जब्त करके सीज कर दिया। साथ ही मौके पर घटिया मिले 50 किलो खोवा को नष्ट कराने की कार्रवाई भी की गयी। टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के 10 नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भी भेजा। आगे की कार्रवाई लैब रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में टीम ने सोमवार को जगतपुर के भटपुरवा स्थित मीटू एजेंसी में 466 किलो तुअर दाल, 358 किलो बेसन, 438 किलो माइक्रोनी जब्त कर सील किया। यहां से दाल, बेसन और माइक्रोनी के नमूने भी भर कर लैब जांच के लिए भेजे गए। टीम ने जागेलाल किराना स्टोर से 11 किलो काजू को जब्त करके साथ एक नमूना, शान किराना स्टोर से घी का नमूना, मुराई का बाग में रज्जन किराना स्टोर से 35 किलो काजू और 36 किलो नमकीन जब्त करने के साथ ही काजू व नमकीन का नमूना व रिफाइंड का नमूना भी लैब जांच के लिए भेजा।