रायबरेली। गुरुबख्शगंज पुलिस ने डेढ़ लाख रुपये की मारफीन के साथ दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों लंबे समय से मारफीन बेच रहे थे।
पुलिस की मानें तो पकड़े गए आरोपियों ने क्षेत्र के एक गांव में चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एसओ हरिशंकर प्रजापति को सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि बरदर गांव स्थित एक बाग के पास कुछ लोग खड़े हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर दो बदमाशों को दबोच लिया। इनकी पहचान गुरुबख्शगंज के रजवापुर गांव निवासी बिहारी यादव उर्फ राजू यादव और हंसराज उर्फ खिलाड़ी के रूप में हुई है।
इसमें से आरोपी हंसराज के खिलाफ पांच और बिहारी यादव के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी का कहना है कि इनके पास से 150 किलो मारफीन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में डेढ़ लाख रुपये कीमत है। एसपी ने बताया कि नया पुरवा मजरे बरदर गांव निवासी रामप्रताप के घर पर 31 मार्च को चोरी हो गई थी।
पकड़े गए आरोपियों ने ही राम प्रताप के घर चोरी की थी। बदमाशों के पास से घर से चोरी सामान व एक तमंचा बरामद हुआ है।