रायबरेली। लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद भले ही जिला प्रशासन की टीमों ने पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स व अन्य प्रचार सामग्री को हटाने का काम शुरू कर दिया है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव सामग्रियों को हटाने की जिम्मेदार अब सफाई कर्मचारियों को भी दे दी गई है।
जिले के सभी 1300 सफाई कर्मचारियों को अपने-अपने राजस्व गांवों में इन सामग्रियों को तत्काल हटवाने के आदेश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान चुनाव सामग्री लगी होने पर संबंधित सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अधिसूचना जारी होने के बाद जिला व पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष व निर्भीक चुनाव कराने के लिए कमर कस ली है। पहले ही दिन से पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स व अन्य प्रचार सामग्री को हटाने का काम शुरू कर दिया गया।
इसके बाद भी जिले के तमाम क्षेत्रों में वाल पेंटिंग सहित अन्य प्रचार सामग्री उपलब्ध है। डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर डीपीआरओ ने जिले के सभी सफाई कर्मचारियों को भी सफाई के साथ ही इस काम में लगा दिया है।
उन्होंने आदेश दिए हैं कि सफाई कर्मचारी अपने-अपने राजस्व गांवों में पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स व अन्य प्रचार सामग्री को तत्काल हटवाएंगे। वाल पेंटिंग को भी नष्ट कराएंगे।
इसमें किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न बरनते के आदेश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर इसके लिए सफाई कर्मचारी ही दोषी होंगे। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के निर्देश सफाई कर्मचारियों को पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स व अन्य प्रचार सामग्री को हटाने का काम सौंपा गया है। वे अपने-अपने राजस्व गांवों में यह काम करेंगे। एडीओ को भी इस कार्य का पर्यवेक्षण करने का जिम्मा दिया गया है।
उपेंद्रराज सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी