रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में जल्द ही अमृत मेडिको सेंटर खुलेगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।
मरीजों को सस्ते रेट पर दवाएं मिलेंगी। एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड की टीम ने सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। उम्मीद है कि एक महीने में रोगियों को यह सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
एम्स की ओपीडी में आने वाले रोगियों को आधी से अधिक दवाएं बाजार से खरीदनी पड़ रही हैं। एम्स में कुछ दवाएं तो मिल जा रही हैं, लेकिन ज्यादातर दवाओं के लिए रोगियों को भटकना पड़ रहा है।
यहां तक कि एम्स के चिकित्सकों की लिखी पूरी दवाएं बाजार में भी नहीं मिल रही हैं। इससे रोगी भटक रहे हैं। केंद्र सरकार ने एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड को देश के सभी पीजीआई व एम्स में मेडिकल स्टोर खोलने का काम दिया है।
पीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक प्रो. जगतराव के प्रयास से यहां भी रोगियों की समस्याओं को दूर कराने के लिए अमृत मेडिको सेंटर खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड की टीम ने यहां आकर सर्वे का काम पूरा कर सेंटर खोलने के लिए स्थान पर चिह्नित कर लिया है। यह सेंटर एम्स परिसर में ही खोला जाएगा।
जल्द ही एग्रीमेंट होने के बाद एक माह में मेडिको सेंटर खुलने की उम्मीद है, जिससे रोगियों को सस्ते रेट पर ही एम्स परिसर में सारी दवाएं मिल सकेंगी।