आधा दिन बंद रहा मुंशीगंज, प्रदर्शन
रायबरेली। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर मुंशीगंज कस्बे में अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस की अभद्रता से व्यापारियों में नाराजगी है। सभी ने शुक्रवार को दोपहर एक बजे तक दुकानें अपनी बंद रखी और प्रदर्शन किया। कहा कि मनमाने ढंग से अतिक्रमण हटाने की बात कही जा रही है, जो ठीक नहीं है। एसपी शिवहरि मीणा ने व्यापारियों की बातों को सुना और मामले में जांच के आदेश दिए।
मुंशीगंज कस्बे की दुकानें सुबह नहीं खुली। इक्का-दुक्का ठेले वाले ही फल की बिक्री करते नजर आए। व्यापारी नेता वीरेंद्र अग्रहरि, ओम प्रकाश, राज कुमार, अश्वनी कौशल आदि एसपी दफ्तर पहुंचे और प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना था कि गुरुवार को कस्बे में अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान भदोखर पुलिस ने व्यापारियों के साथ अभद्रता भी की। मनमाने ढंग से अतिक्रमण हटाया गया। तोड़फोड़ की गई, जो उचित नहीं है। एसओ व मुंशीगंज चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की जाए। दोपहर एक बजे के बाद दुकानें खोली गई।
अतिक्रमण से लगता जाम-एसओ
भदोखर थानेदार अशोक त्रिपाठी का कहना है कि अतिक्रमण की वजह से मुंशीगंज कस्बे में गुरुवार को जाम लग गया था। अफसरों के निर्देश पर हाईवे किनारे अतिक्रमण को हटवा दिया गया। जिससे जाम हट पाया था। अतिक्रमण हटाने की वजह से ही व्यापारियों की ओर से पुलिस पर आरोप लगाकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। व्यापारियों के साथ किसी तरह का अभद्र व्यवहार नहीं किया गया है।