नसीराबाद का पहले आ सकता है रिजल्ट
रायबरेली। एक दिसंबर को सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। उम्मीद है कि 12 बजे तक आधी से अधिक सीटों का रिजल्ट आ जाएगा, लेकिन पहली बार नगर पंचायत का दर्जा पाए नसीराबाद का रिजल्ट सबसे पहले आ सकता है। जिला प्रशासन ने मतगणना के लिए तैयारियों को पूरा कर दिया है। डीएम व एसपी ने बृहस्पतिवार को मतगणना स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया। डीएम संजय कुमार खत्री ने बताया कि मतगणना के लिए तैयारियां पूरी करा दी गई है। सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। यह कह पाना मुश्किल है कि किस नगर पंचायत का रिजल्ट पहले आएगा, लेकिन जल्द से जल्द मतगणना का काम पूरा कराया जाएगा। नसीराबाद छोटी नगर पंचायत है। इसलिए हो सकता है कि वहां का परिणाम पहले आ जाए, जबकि नगर पालिका बड़ी है, जिसमें देर हो सकती है। उन्होंने बताया कि मतपत्रों की गड्डियां बनाने और गिनने में समय लगेगा।
तुरंत ऑनलाइन होगा नगर निकाय का रिजल्ट
डीएम संजय कुमार खत्री ने बताया कि इस बार चुनाव आयोग ने रिजल्ट को तुरंत ऑनलाइन करने का आदेश दिया है। इसलिए तैयारी पूरी कर ली गई है। मतगणना पूरी होने के तुरंत बाद घोषणा करने के साथ रिजल्ट को तत्काल ऑनलाइन कर दिया जाएगा। कहीं भी बैठकर रिजल्ट को आसानी से इंटरनेट पर देखा जा सकेगा।
मोबाइल, बीड़ी, सिगरेट व माचिस ले जाने पर रोक
मतगणना परिसर में किसी को भी इंट्री बिना पास नहीं मिलेगी। जिन लोगों को गुरुवार को पास जारी हो चुके हैं, वे लोग ही मतगणना परिसर में प्रवेश पा सकेंगे। किसी को भी मोबाइल लेकर अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। बीड़ी, सिगरेट, माचिस आदि पर भी रोक है।
लोहे की जालियों से झांकेंगे मतगणना एजेंट
मतगणना कक्षों में लोहे की पतली जालियां लगाई गई हैं। इनके बाहर ही एजेंटों को रहना होगा। इन जालियों से एजेंसी टेबल पर होने वाली मतगणना को देख तो सकेंगे, लेकिन हाथ अंदर नहीं कर सकेंगे। पूरे मतगणना स्थल की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया जाएगा।
दिनभर एजेंट पास बनवाने में जुटे रहे प्रत्याशी
मतगणना के लिए एजेंट पास बनवाने के लिए दिनभर अध्यक्ष और सभासद के प्रत्याशी व उनके समर्थक व्यस्त रहे। मतगणना स्थलों पर ही आरओ द्वारा मतगणना एजेंटों को पास जारी किए गए। नगर पंचायतों की तहसीलों में भी मतगणना पास के लिए भीड़ लगी रही।