रायबरेली। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग से समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में एक तिहाई से ज्यादा रिक्त पदों पर चल रही चयन प्रक्रिया में आवेदन की समय सीमा समाप्त हो चुकी है। कुल 73 रिक्त पदों के लिए लगभग 1300 आवेदन आए हैं, जिन्हें सूचीबद्ध किया जा रहा है।
विषयवार रिक्त पदों की अलग-अलग सूची तैयार होगी। आरक्षण व्यवस्था के अनुसार अभ्यर्थियों की अलग-अलग वरीयता सूची भी बनाई जाएगी। इसके बाद ही अभ्यर्थियों के चयन पर निर्णय लिया जाएगा। रिक्त पदों में पूर्णकालिक शिक्षकों के 28, अंशकालिक शिक्षकों के 20 और गैर शैक्षणिक कर्मियों के 25 पद शामिल हैं।
जिले में 16 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं, जहां कक्षा छह से आठ तक में पढ़ने वाली बालिकाओं की संख्या लगभग 1600 है। प्रत्येक विद्यालय में पूर्णकालिक शिक्षिकाएं पांच और अंशकालिक शिक्षिकाएं तीन होनी चाहिए। इस तरह सभी 16 स्कूलों में शिक्षकों के कुल 128 पद सृजित हैं, जिनमें 48 पद रिक्त हैं। इनमें पूर्णकालिक शिक्षिकाओं के 28 और अंशकालिक शिक्षिकाओं के 20 पद शामिल हैं।
पूर्णकालिक शिक्षिका में हिंदी-संस्कृत के दो, गणित के 11, विज्ञान के छह, अंग्रेजी के छह, सामाजिक विज्ञान के तीन, अंशकालिक शिक्षिका में गृह विज्ञान के पांच, शारीरिक शिक्षा के छह, कंप्यूटर के नौ पदों पर चयन होना है। इसके अलावा गैर शैक्षणिक यानी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के 25 पद रिक्त हैं, जिनमें लेखाकार के छह, सहायक रसोइया के 11, चौकीदार को दो, चपरासी के छह पद शामिल हैं।
कुल रिक्त पदों में 47 अनारक्षित हैं, वहीं 26 पद आरक्षित किए गए हैं। आरक्षित रिक्त पदों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आठ, अनुसूचित जाति के लिए 16 और ईडब्ल्यूएस के लिए दो पद शामिल हैं। आवेदन की समय सीमा 22 दिसंबर तय थी। इस अवधि तक लगभग 1300 आवेदन आए हैं, जिन्हें सूचीबद्ध किया जा रहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि अस्थायी रूप से सृजित संविदा आधारित पदों के लिए आए आवेदनों की अलग-अलग सूची बनाई जा रही है।
जिला समन्वयक विनय कुमार तिवारी ने बताया कि सभी रिक्त पदों के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से आवेदन आए हैं। प्रत्येक पद के लिए आरक्षण व्यवस्था के अनुसार अलग-अलग वरीयता सूची बनाई जाएगी।