सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार को बेकाबू कार ने बाइक सवार ससुर व दामाद को टक्कर मार दी। इससे ससुर की मौत हो गई, जबकि दामाद घायल हो गया। दोनों रिश्तेदार के यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के करहिया चौकी अंतर्गत ग्राम सभा पूरे गहरवार सिरसिरा निवासी रामधनी पटेल (55) अपने दामाद अरुण पटेल पुत्र होरीलाल पटेल निवासी पूरे दासी का पुरवा परानीपुर थाना उदयपुर जिला प्रतापगढ़ के साथ बाइक से ग्राम सभा सूबेदार का पुरवा अपने रिश्तेदार के यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
कालू जलालपुर चौराहे पर करहिया बाजार की तरफ से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार ससुर दामाद घायल हो गए। दर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने घायलों को पीएचसी सलोन पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर ससुर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही रामधनी ने दम तोड़ दिया। वहीं मृतक के दामाद का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मृतक के पांच बच्चों में पुत्र लल्लू और पुत्री सीमा की शादी हो चुकी है, जबकि लवलेश, शैलेश, रीना अभी पढ़ाई कर रहे हैं। कोतवाल रामाशीष उपाध्याय बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।