बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने पैदल जा रहे दो ग्रामीणों को रौंद दिया। इसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि युवक घायल हो गया। ग्रामीणों ने बोलेरो सवार लोगों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने गालीगलौज की। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। साथ ही घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
बछरावां थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच राजमार्ग पर स्थित बन्नावा गांव के निकट लालगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने पैदल सड़क पार कर रहे कुटी मजरे रैन गांव निवासी बाबूलाल (75) को टक्कर मार दी। टक्क र इतनी तेज थी कि वृद्ध लगभग 15 फिट ऊंचाई तक उछल गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी बीच बोलेरो सवार लोगों को आसपास के लोगों ने रोकने की कोशिश की तो चालक समेत अन्य लोगों ने गालीगलौज की। बोलेरो सवार चालक ने बन्नावां गांव निवासी आशीष कुमार (22) को भी टक्कर मार दी, जिससे वह भी घायल हो गया।
पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया, जहां गंभीर रूप से घायल वृद्ध बाबूलाल को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया, परंतु रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उधर, एसओ बछरावां रावेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।