रायबरेली। प्रयागराज से आ रही ओएफसी केबल कटने से गुरुवार को जिले में मोबाइल व इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गईं।
इससे जहां सरकारी विभागों में कामकाज प्रभावित रहा, वहीं निजी संस्थाओं व साइबर कैफे में लोगों को समस्या से दो चार होना पड़ा। जिम्मेदार अफसर प्रयागराज से केबल कटने का राग अलापते रहे।
आए दिन इस तरह से बीएसएनएल सेवा खराब होने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। गुरुवार देर शाम तक सेवाएं बहाल नहीं हो सकीं थीं।
शहर क्षेत्र के करीब 1500 से ज्यादा बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा को प्रयागराज से जोड़ा गया हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को यह सेवा लखनऊ से मुहैया कराई जाती है।
बुधवार को तीन बजे से रात आठ बजे तक बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा ध्वस्त रही। गुरुवार को भी व्यवस्था बेपटरी रही। इससे विकास भवन, कलेक्ट्रेट, सिंचाई विभाग, विकास विभाग, पावर कॉर्पोरेशन में कामकाज प्रभावित रहा।
साइबर कैफे में कामकाज प्रभावित रहा। किसी को कोरिअर करना था तो किसी को ई-मेल भेजना था, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। इंदिरा नगर निवासी शिवशंकर पांडेय, अभिषेक ने बताया कि बिजली बिल जमा करने के लिए गए थे, लेकिन इंटरनेट नहीं होने से बिल नहीं जमा हो सका।