रायबरेली। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सोमवार को जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में किसी ने 40वीं तो किसी ने पहली बार रक्तदान किया। सभी ने रक्तदान कर खुशी जाहिर की और कहा कि रक्तदान करने से कोई दिक्कत नहीं आई।
शिविर में डीह ब्लॉक क्षेत्र के वीरगंज निवासी रामप्रकाश मौर्य ने 31वीं बार रक्तदान किया। कहा कि उनकी तो रक्तदान करने की आदत सी बन गई है। डलमऊ ब्लॉक क्षेत्र के घुरवारा निवासी राम मिलन सिंह ने 40वीं बार रक्तदान किया। दूसरों की जान बचाने के लिए वह अक्सर रक्तदान करते हैं।
शैलेंद्र सिंह ने पांचवीं बार रक्तदान किया। जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र के साई टिकरिया निवासी पवन वाजपेयी ने पहली बार रक्तदान किया। पवन ने बताया कि, उनके पिता रामनारायण वाजपेयी 40 बार रक्तदान कर चुके हैं। पिता की प्रेरणा से ही उन्होंने रक्तदान किया। प्रमोद यादव ने भी पहली बार रक्तदान किया। उन्होंने अन्य लोगों से भी रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में कुल 30 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. दीपेंद्र सिंह, परामर्शदाता राघवेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. दिलीप, स्टाफ नर्स रतनम तिवारी के अलावा संजय मदेशिया, एसके सिंह, सुनील यादव, अंशिका सिंह, राजकुमार, विनय श्रीवास्तव, एसपी शुक्ल, जितेंद्र व कामता ने सहयोग किया।
दरोगा ने भी किया रक्तदान
पुलिस कार्यालय में तैनात दरोगा शैलेश यादव ने भी कुछ वक्त निकाला और जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। कानपुर के रहने वाले शैलेश ने कहा कि, ड्यूटी के साथ ही सामाजिक कार्य करने के लिए भी समय निकालना चाहिए। अमर उजाला में रक्तदान शिविर लगने की जानकारी हुई थी। इसके बाद उन्होंने रक्तदान करने की ठानी और सुबह ही अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि, अन्य पुलिसकर्मियों को भी रक्तदान करना चाहिए।
अफसर व पीआरडी जवान भी बने महादानी
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी मुन्नूलाल रमन भी रक्तदान कर महादानी बने। उन्होंने पांचवीं बार रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि, जब भी इस तरह के शिविर लगने की सूचना मिलती है, रक्तदान जरूर करते हैं। इसके अलावा सैदनपुर गांव निवासी पीआरडी जवान रामकेश व नंद कुमार ने भी रक्तदान किया।