शिकायतेें आईं 332, निपटीं केवल 29
रायबरेली। जिले में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में 332 फरियादी आए, लेकिन केवल 29 की समस्याएं ही निपट सकीं। बाकी लोगों को आश्वासन का झुनझुना थमाकर लौटा दिया गया। ऊंचाहार में सीडीओ, जबकि बाकी तहसीलों में कहीं एडीएम को कहीं एसडीएम ने समस्याएं सुनीं।
सदर तहसील दिवस में एसडीएम राजेश कुमार तिवारी और तहसीलदार तृप्ति गुप्ता ने ग्रामीण अंचलों से आने वाले फरियादियों की समस्याएं सुनीं औरनिराकरण का भरोसा दिया। किसी ने राजस्व तो किसी ने पुलिस विभाग में रिपोर्ट न लिखने की शिकायत की। तेज धूप और गर्मी के बावजूद 41 लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, लेकिन केवल आठ लोगों को राहत मिल सकी। बाकी मामलों में अधिकारियों ने एक सप्ताह के अंदर शिकायतों के निस्तारण का भरोसा दिया।
ऊंचाहार व रोहनियां प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील समाधान दिवस में 62 शिकायतें आईं, जिनमें केवल पांच शिकायतों का निस्तारण किया गया। कोटरा बहादुरगंज के तुलसीराम ने राजस्व निरीक्षक पर पैमाइश करने के लिए पांच हजार रुपये मांगने की शिकायत की। सीडीओ ने एसडीएम को जांच करने का आदेश दिया। सहजादपुर गांव के शत्रुघ्न सिंह ने तालाबों पर हुए कब्जे को हटाने की मांग की। श्याम बाबू ने जगदीशपुर माइनर की सफाई न होने की मांग की। पूरे रामजियावन गांव के दिव्यांग संजय कुमार तिवारी ने आवास न मिलने की शिकायत की। रामचंद्र पुर के ग्राम प्रधान दिलीप कुमार ने सार्वजनिक नाले पर निर्माण कर लेने की शिकायत की। सीडीओ ने शिकायतों के जल्द निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर एसपी शिवहरी मीना, एसडीएम मदन कुमार, तहसीलदार अशोक यादव, बीएसए संजय शुक्ला आदि मौजूद रहे।
सलोन प्रतिनिधि के अनुसार यहां कुल 77 शिकायतें आईं, जिनमें केवल तीन का निस्तारण किया गया। समस्याओं का निस्तारण न होने पर फरियादियों में नाराजगी रही। एसडीएम श्रीराम सचान, तहसीलदार राजेश चौरसिया और कोतवाल जीडी शुक्ला ने समस्याएं सुनी और निराकरण का भरोसा दिया। महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक एसडीएम आरपीतिवारी की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में 30 शिकायतीपत्र आए। इसमें सर्वाधिक 19 मामले राजस्व विभाग से संबधित रहे। इस दिवस पर केवल छह मामले निस्तारित किए गए। बाकी फरियादी बैरंग वापस लौट गए। तहसील दिवस हाल में आयोजित तहसील दिवस में लोग उमस भरी गर्मी से पसीने से तरबतर दिखे। इस मौके पर तहसीलदार सौरभ शुक्ला आदि विभिन्न विभागों के अधिकारी या फिर उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक एसडीएम डलमऊ प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में हुए तहसील दिवस में 61 प्रार्थनापत्र आए, जिनमें दो प्रार्थना पत्रों को मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर तहसीलदार डलमऊ देवी प्रसाद, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अभिमन्यु सिंह चौहान, विकास खंड अधिकारी ओम प्रकाश प्रजापति, एसडीओ डलमऊ एसबी सिंह, शिक्षा विभाग से इंद्रमणि शुक्ला, कोतवाली प्रभारी दीपचंद्र आदि अधिकारी मौजूद रहे। लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में 61 शिकायतें आईं। जिसमें मात्र पांच शिकायतों का निस्तारण किया गया। तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम सुलतान अशरफ सिद्दीकी ने मातहतों को समय सीमा के भीतर फरियादियों की शिकायत निस्तारित करने के निर्देश दिए। अरहम सिद्दीकी ने बताया कि उसका पैतृक मकान रेलवे स्टेशन रोड में है। मकान के कुछ हिस्से में पावर कॉर्पोरेशन का कार्यालय है। जिसका जून 2005 से अनुबंध समाप्त हो गया है। वह किराया बढ़ाने और नया अनुबंध कराने के लिए पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। प्राथमिक विद्यालय रानीपुर के अध्यक्ष रतीपाल ने विद्यालय में तैनात रसोईये को हटवाए जाने की मांग की है। अध्यक्ष ने बताया कि रसोईये के बच्चे विद्यालय में नहीं पढ़ते हैं। तहसील दिवस में तहसीलदार डॉ. जगन्नाथ सिंह व सीओ चंद्रदेव यादव ने भी समस्याएं सुनी।
तिलोई में 61 शिकायतें आईं, तीन मामले निपटे
तिलोई तहसील दिवस में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में 61 फरियादी आए, लेकिन सुनवाई के नाम पर केवल खानापूरी की गई। केवल तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। बाकी को अगली बार आने या फिर अधिकारियों से मिलकर निस्तारण का भरोसा दिया गया। अमेठी एडीएम ईश्वरचंद, एएसपी बालरामाचारी दुबे और एसडीएम अशोक कुमार शुक्ला ने मिलकर तीन समस्याएं निपटाईं।
आकर्षण का केंद्र रही शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी
ऊंचाहार में तहसील समाधान दिवस पर शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। सीडीओ ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। सीडीओ ने प्रदर्शनी में लगाए गए दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने के तरीके की बाबत जानकारी ली। प्रदर्शनी में संजय गुप्ता के निर्देशन में मानसिक रूप से मूकबधिर बच्चों को पढ़ाने के लिए विजय पांडे एवं प्रवेश भारती ने प्रदर्शनी लगाई थी। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के बच्चों ने भी प्रदर्शनी में भाग लिया।बीएसए के अलावा एबीएसए अनिल त्रिपाठी, अखिलानंद राय, कुसुमलता, ममता शुक्ला व गिरीश मौर्या आदि मौजूद रहे।