करंट से किसान समेत तीन की मौत
- ऊंचाहार इलाके में स्टेवायर में उतरी बिजली से हुआ हादसा
- ग्रामीणों ने ठीक कराने के लिए अवर अभियंता से की थी मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। जिले में परशदेपुर, सलोन और ऊंचाहार थाना क्षेत्र में किसान, किशोरी और महिला की करंट से मौत हो गई। ऊंचाहार थाना क्षेत्र में शनिवार को स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में आने से एक किसान गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर किया, जहां उसकी मौत हो गई। यह हादसा पावर कॉर्पोरेशन के अभियंताओं की लापरवाही से हुआ है। स्टे वायर में करंट उतरने की मांग अवर अभियंता और उपकेंद्र के कर्मचारियों से की गई थी, लेकिन कोई ठीक करने नहीं पहुंचा।
भीालमपुर गांव निवासी रामकृपाल मौर्य (40) के दरवाजे पर बिजली का खंभा लगा हुआ है। शनिवार सुबह वह दरवाजे पर काम कर रहा था। अचानक उसका पैर फिसला और वह खंभे के स्टेवायर पर जा गिरा। स्टे में बिजली का करंट आ जाने से वह उसकी चपेट में आकर झुलस गया। आनन-फानन परिवारीजन उसे सीएचसी ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ सुरखाब खान ने बताया कि करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। अवर अभियंता लालमणि ने बताया कि जानकारी हुई है। स्टाफ को मौके पर भेजा गया है। पहले से स्टेवायर में करंट उतरने की शिकायत नहीं मिली थी। जांच के बाद पीड़ित परिवारीजनों को मुआवजा दिलवाया जाएगा।
परशदेपुर प्रतिनिधि के मुताबिक भढ़पुरवा मजरे गढ़ा गांव की शाफिया (17) पुत्री मुस्तकीम घर के आंगन में पोछा लगा रही थी। इसी दौरान वह पास में रखे टेबल फैन को हटाने लगी। पंखे में करंट उतर रहा था, जिसकी चपेट में आकर वह झुलस गई, जब तक परिवारीजन उसे अस्पताल पहुंचाते, तब तक उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत से परिवारीजनों को कोहराम मच गया। सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे की रहने वाली नाजिया बानो (35) पत्नी अब्दुल गनी घर में रखे टेबल फैन को चला रही थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर मौत हो गई।