सीएचसी की एक टीम ने गांव पहुंचकर लोगों को दवा वितरित की है। लगातार बदल रहे मौसम से संक्रामक बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। कोई बुखार तो कोई उल्टी- दस्त से पीड़ित हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ में मरीजों और उनके तीमारदारों की भीड़ जमा रहती है। खरगी खेड़ा की हेमा (18), शुभम (20), शिवा (12), मिंकू (2), अनुष्का (5), बबलू (38), शिवशंकर (40), पूनम (38), आशू (10), अर्चना (45), खुशी (4) और सूरजपुर की शांती उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं।
सभी का उपचार सीएचसी शिवगढ़ में शनिवार से चल रहा है। कई और लोग निजी चिकित्सक से इलाज करा रहे हैं। खरगी खेड़ागांव निवासी संजय त्रिवेदी, अनीता, बबिता ने बताया कि इस बार गांव में दवाओं का छिड़काव नहीं कराया गया है। कहीं जलभराव तो कहीं नालियां में गंदगी उफना रही है। इससे संक्रामक बीमारी का प्रकोप बढ़ा है।
सीएचसी अधीक्षक एलपी सोनकर ने बताया कि सीएचसी में भर्ती मरीजों का इलाज किया जा रहा है। खरगीखेड़ा गांव में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम भेजी गई है। दवाओं का छिड़काव और मरीजों को दवा वितरित कराई जा रही है।