महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के पिंडारी कला गांव में बारात में सोलर पैनल के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। मौत से शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
पिंडारी कला में महादेव साहू के यहां सोमवार को लड़की की शादी थी। रात में रोशनी के लिए इलेक्ट्रिशियन ने केबल महादेव साहू के पड़ोसी छोटे लाल शुक्ला के दरवाजे पर लगे सोलर पैनल के खंभे से होकर खींची थी।
वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल थाना क्षेत्र के पिंडारी कला निवासी अमन जयमाल के दौरान सोलर पैनल के खंभे की चपेट में आ गया।
गंभीर हालत में अमन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। तीन भाई व तीन बहनों में सबसे बड़ा अमन राजकीय हाईस्कूल में नौवीं का छात्र था।