लालगंज (रायबरेली)। जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बुधवार को तहसील सभागार में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और जुलाई में कार्यालय द्वारा प्रेषित पत्रों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में लापरवाही का अंबार सामने आया है। पॉवर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और एक्सईएन के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
राजवती की शिकायत दो माह से लंबित होने पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने प्रार्थना पत्र जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए।
यही नहीं निस्तारण में लापरवाही बरतने पर प्रभारी मंत्री ने डीएम संजय कुमार खत्री को पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गरीबों को पॉवर कॉर्पोरेशन के कर्मचारी झूठे मुकदमे और फर्जी बिलिंग में न फंसाए। जो लोग बिजली चोरी करते हैं उन्हीं के विरुद्ध कार्रवाई करें। जिनके घर में एक बल्ब जलता है विभाग के कर्मचारी उनके यहां लाखों रुपये का बकाया बिल भेज देते हैं।
उन्होंने कहा कि भू-माफिया, ड्रग्स माफिया, खनन माफिया आदि पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। डीएम ने प्रभारी मंत्री को बताया कि दो भू-माफिया पर एफआईआर, दो लेखपालों को सस्पेंड और एक कानूनगो पर जांच चल रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र पर कर्मचारी मौके पर जाकर निरीक्षण करें और उसका निपटारा करवाएं। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
बैठक में विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, एसपी सुजाता सिंह, एसडीएम सुरेश कुमार सोनी, जीतलाल, राजेश तिवारी, सीओ आरपी शाही, प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य आदि मौजूद रहे।