रायबरेली। जिला अस्पताल को निर्बाध बिजली आपूर्ति कराने के लिए स्वतंत्र फीडर बनाया गया है। इस फीडर की अंडरग्राउंड केबल दो महीने से ध्वस्त हैं।
इसे ठीक कराने में पावर कॉर्पोरेशन के रुचि नहीं दिखा रहे हैं। जिला अस्पताल को मौजूदा समय में इंदिरा नगर उपकेंद्र के आरडीए फीडर से बिजली आपूर्ति हो रही है, लेकिन आए दिन फॉल्ट और ट्रिपिंग के चलते जहां रोगी और तीमारदार बेहाल रहते हैं, वहीं जिला अस्पताल में एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन की सुविधा में सुचारु रूप से रोगियों को नहीं मिल पा रही है।
जिला अस्पताल में रोगियों व तीमारदार को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 24 घंटे बिजली के निर्देश हैं। इसके लिए जिला अस्पताल से त्रिपुला तक अंडर ग्राउंड केबल डाले गए हैं।
यह केबल पिछले दो महीने से ध्वस्त पड़े हैं, जिनकी मरम्मत कराने के लिए पावर कॉर्पोरेशन के अभियंताओं के पास समय नहीं है।
जिला अस्पताल को इंदिरा नगर के आरडीए फीडर से जोड़ दिया गया है। आए दिन लाइन में फॉल्ट, कनेक्शन काटने, ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर घंटों बिजली बंद रहती है।
इसका खामियाजा जिला अस्पताल में भर्ती रोगियों और तीमारदारों को भुगतना पड़ता है। बिजली आने-जाने एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन समेत अन्य सुविधाएं समुचित रूप से नहीं मिल पा रही है।
जिला अस्पताल की लाइन में पहले दिक्कत आई थी, जिसे ठीक करा दिया गया है। हो सकता है कि हाल में खराबी आई हो तो इंदिरा नगर से जोड़कर चलाई जा रही हो। इसकी जानकारी नहीं है।
- एके दोहरे, एक्सईएन, विद्युत वितरण खंड प्रथम