शॉर्ट सर्किट से कपडे़ की दुकान राख
इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले के सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र में सोमवार रात शॉर्ट सर्किट से कपड़े की दुकान में आग लग गई। हादसे में करीब 12 लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया।
इस दौरान दुकान के अंदर सो रहा युवक भी कपड़े बचाने में झुलस गया। गंभीर हालत में उसे जगदीशपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह लपटों पर काबू पाया।
जगदीशपुर निवासी लाल मोहम्मद की सिंहपुर के इन्हौना कस्बे में कपड़े की दुकान है। दुकान पर लाल मोहम्मद और उसका छोटा भाई जस्सू रहता था।
सोमवार रात लाल मोहम्मद दुकान से घर चला गया, जबकि उसका भाई जस्सू दुकान पर ही था। रात में अचानक दुकान के अंदर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
वह शटर खोलकर बाहर निकल आया और कपड़े बचाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान वह भी झुलस गया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणाें ने किसी तरह आग पर काबू पाया। पीड़ित ने बताया कि करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।