करंट की चपेट में आए संविदाकर्मी की मौत
जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आए एक संविदा कर्मी की सोमवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
वह 14 जनवरी को जगतपुर कस्बे में फॉल्ट ठीक करने के दौरान झुलस गया था। उसका इलाज लखनऊ में चल रहा था। मंगलवार को शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।
पूरे बोधी मजरे मनोहरगंज गांव निवासी राजेश सिंह चौहान (38) पुत्र भारत सिंह जगतपुर विद्युत उपकेंद्र में संविदा कर्मी था। 14 जनवरी को झकरासी फीडर में आए फॉट को ठीक करने वह जगतपुर कस्बा गया था।
इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुधार न होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सोमवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अवर अभियंता लालमणि ने बताया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।