घटतौली में निरस्त पेट्रोल पंप का लाइसेंस बहाल
रायबरेली। शासन के निर्देश पर छापेमारी के बाद सील किए गए छह पेट्रोल पंपों में सोमवार को एक पेट्रोल पंप के लाइसेंस को बहाल कर दिया गया है। हाईकोर्ट के आदेश पर डीएसओ ने पेट्रोल पंप के लाइसेंस को बहाल करने का आदेश जारी किया है।
शासन के निर्देंश पर जिले भर के पेट्रोल पंपों की जांच कराई गई थी। ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों की गठित टीमों ने जिले के पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की थी। छापेमारी में जिले के छह पेट्रोल पंपों के लाइसेंसों को घटतौली पर निरस्त कर दिया गया था। कार्रवाई के बाद पेट्रोल पंप संचालकों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट ने मेसर्स अग्रवाल सर्विस स्टेशन कठवारा के लाइसेंस को बहाल करने का आदेश दिया। इसके बाद सोमवार को डीएसओ ने पेट्रोप पंप के लाइसेंस को बहाल कर दिया है। जिला आपूर्ति अधिकारी केएन सिंह ने बताया कि 26 जुलाई कोलाइसेंस निरस्त किया गया था। हाईकोर्ट के आदेश पर मेसर्सं अग्रवाल सर्विस स्टेशन कठवारा के लाइसेंस को बहाल किया गया है।