तिलोई (रायबरेली)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में रविवार की शाम कार और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस के देर से पहुंचने से गुस्साए लोगों ने हंगामा किया। बाद में एसओ ने पहुंचकर मामले को शांत कराया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। युवक भतीजे के जन्मदिन होने पर केक लाने तिलोई बाजार जा रहा था। इस घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
फूला गांव निवासी अरविंद कुमार पासी (21) गांव के ही रहने वाले अपने साथी नौशाद अहमद (22) के साथ शाम को तिलोई बाजार केक लाने आ रहा था। अरविंद के भतीजे का जन्मदिन था। जैसे ही गांव के समीप स्थित काली माता के मंदिर के निकट पहुंचा कि सामने आ रही कार से भिड़ंत हो गई। इसमें अरविंद कुमार और नौशाद घायल हो गए। ग्रामीणों ने 100 व 108 नंबर पर फोन करके एंबुलेंस और पुलिस को बुलाया। एंबुलेंस के साथ ही पुलिस काफी देर से पहुंची। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा किया।
ग्रामीण निजी साधन से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिहपुर ले गए, जहां डाक्टरों ने अरविंद कुमार पासी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल नौशाद की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतक अरविंद और नौशाद जिगरी दोस्त थे। शनिवार की शाम को अरविंद दिल्ली से घर आया था, जबकि नौशाद भी डेढ़ माह पहले सऊदी अरब से घर आया था। एसओ संतोष सिंह ने बताया कि मृतक के पिता श्यामलाल की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
लापरवाही पर ग्रामीणों ने शव रखकर लगाया जाम
सिंहपुर/इन्हौैंना (रायबरेली)। सड़क हादसे में युवक की मौत से गुस्साए परिवारीजनों ने इन्हौैंना-रायबरेली मार्ग जाम कर दिया। एसओ ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। फूला गांव निवासी मृत अरविंद कुमार पासी के पिता श्याम लाल ने आरोप लगाया कि यदि चिकित्सक समय से उसके बेटे की प्राथमिक चिकित्सा कर देते तो उसकी जान बच सकती थी।
इसी बात से नाराज परिवारीजनों और ग्रामीणों ने इंहौंना-रायबरेली मार्ग जाम कर दिया। सिंहपुर सीएचसी सूचना के बाद भी देर तक पुलिस न पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने मार्ग जाम किया। सिंहपुर के आकस्मिक चिकित्सा प्रभारी डॉ. बाबर कादरी ने बताया कि जब युवक अस्पताल पहुंचा था तो उसकी मौत हो चुकी थी। शिवरतनगंज एसओ संतोष सिंह ने बताया कि मात्र एक घंटे तक ही जाम मार्ग जाम था। लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया गया।