पुल की मरम्मत को बने बाईपास में ट्रक धंसा
खीरों (रायबरेली)। खीरों थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के बगल में बने बाईपास में शनिवार को एक ट्रक में धंस गया। इससे आवागमन ठप हो गया।
देर शाम तक ट्रक को बाहर नहीं निकाला जा सका था। बाईपास में ट्रक फंस जाने से मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले लगभग 500 छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन ठप हो गया।
स्थानीय लोगों ने नवनिर्मित पुलिया के बगल में बनाए गए मानक के विपरीत बाईपास की जांच कराकर दोषी ठेकेदार के विरुद्ध के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
खीरों-निहस्था मार्ग पर फि रोजाबाद गांव के सामने नहर की पुलिया बनाने का कार्य 15 दिन पहले शुरू हुआ था। निर्माण शुरू होने से पहले वाहनों के आने-जाने के लिए पुलिया के बगल में बाईपास बनाया गया।
जेसीबी से मिट्टी डलवाकर उसके ऊपर खड़ंजा नहीं लगवाया गया। न ही मिट्टी की ठीक से कुटाई की गई है। इससे आए दिन छोटे-बड़े वाहन फं स जाते हैं।
शनिवार सुबह बाईपास से निहस्था की तरफ से खीरों आ रहा ट्रक मिट्टी में धंस कर पलटने से बचा। इससे इस मार्ग का आवागमन ठप हो गया।
देर शाम तक ट्रक को बाहर नहीं निकाला गया था। इससे भारी वाहनों को सेमरी होते हुए निकलना पड़ रहा है। शिव प्रकाश, रामप्रताप, बालगोविंद, चंद्रपाल का कहना है कि ठेकेदार से कई बार इस बाईपास को ठीक कराने की शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों ने जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।