ओवरलोड ट्रक से रजबहे का पुल धंसा, आवागमन ठप
जगतपुर (रायबरेली)। सलोन-जगतपुर होते हुए डलमऊ जाने वाले मार्ग पर बना पारी रजबहे का पुल शुक्रवार रात ओवरलोड ट्रक के गुजरने से धंस गया।
पुल धंसने से आवागमन ठप हो गया। सूचना पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने धंसे पुल पर झाड़ियां रखकर आवागमन रोक दिया है। करीब 50 से 60 हजार लोगाें को मुसीबत उठानी पड़ रही है।
सलोन-जगतपुर मार्ग पर पिछवारा से करीब एक किलोमीटर आगे बना पारी रजबहे का पुल कई सालों से जर्जर था। सिंचाई विभाग ने ओवरलोड वाहनों का प्रवेश भी वर्जित किया था।
शुक्रवार रात ओवरलोड ट्रक के गुजरने से जर्जर पुल धंस गया और रेलिंग भी टूट गई।। इससे पुल पर आवागमन ठप हो गया।
उधर, सूचना मिलने पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने पुल के ऊपर झाड़ियां रखकर आवागमन रोक दिया है। पुल धंसने से सलोन से जगतपुर और डलमऊ जाने के लिए लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिवसागर मिश्रा, संजय त्रिपाठी, रामगोपाल मौर्य, दिनेश यादव, राहुल कुमार, अमित कुमार, अभिषेक ने बताया कि कई सालों से पुल जर्जर था। इसे ठीक कराने के लिए कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।