97.60 फीसदी अंक पाकर अंजली मिश्रा बनीं जिला टॉपर
रायबरेली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की 10वीं की परीक्षा में अंजली मिश्रा जिला टॉपर बनीं हैं। 500 में से 488 अंक पाकर उसने यह उपलब्धि हासिल की है।
97.60 फीसदी अंकों के साथ वह जिले की टॉप टेन सूची में पहले पायदान पर काबिज हुईं। वहीं बछरावां की प्रकृति व नवोदय विद्यालय की निदा खान ने दूसरा स्थान पाया।
मंगलवार को घोषित परिणामों में इस बार भी बेटियों ने इतिहास रचा। टॉप-10 में शामिल 25 मेधावियों में 14 बेटियां हैं।
सीबीएसई 10वीं के रिजल्ट को लेकर सुबह से ही मेधावी उत्सुक थे।
कोई मोबाइल तो कोई साइबर कैफे में पहुंचकर रिजल्ट का पता लगाने में जुटा रहा। दोपहर तीन बजे के बाद रिजल्ट आते ही खुशी की लहर दौड़ गई। परिणामों में अंजली ने अपनी धाक जमाई।
इसके अलावा 97 प्रतिशत अंक पाकर केंद्रीय विद्यालय की दिव्या सिंह, रुचि सिंह, एसजेएस के आदित्य मौर्या और डीएमपीएम की सौम्या राजप्रिये, चिन्मय स्कूल के अभिजीत व दिवांश कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
रिजल्ट आते ही सभी स्कूलों में खुशी की लहर दौड़ गई। मेधावियों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाई दी। एसएजेएस के पीआरओ मनोज शर्मा ने बताया कि जिला टॉपर अंजली मिश्रा को 500 में 488 अंक मिले।
इसमें अंजली को साइंस में 100 में 100, अंग्रेजी में 100 में 98, हिंदी में 100 में 98, सामाजिक विज्ञान में 100 में 97, जबकि गणित विषय में 100 में 95 अंक मिले हैं।
उसे बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस खुशी में छात्र-छात्राओं के साथ न सिर्फ प्राचार्य, शिक्षक, बल्कि अभिभावक भी शामिल रहे।
उधर, कई स्कूलों में परीक्षा परिणामों को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। कहीं मिठाई बंट रही थी तो कोई मंदिर में जाकर माथा टेककर भगवान को धन्यवाद दे रहा था। ज्येष्ठ माह का मंगलवार होने के कारण मेधावी हनुमानजी के दर्शन को पहुंचे। ऐसे में मंदिरों में भी भीड़भाड़ रही।