विकास भवन में तमंचे के बल पर ठेकेदार से लूट
रायबरेली। शहर में बेखौफ बदमाशों ने शनिवार को विकास भवन परिसर से एक ठेकेदार से तमंचे के बल पर एक लाख रुपये लूट लिए।
सरेआम दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात से सनसनी फैल गई। इससे पहले कि पीड़ित कुछ समझ पाता, बदमाश कार पर सवार होकर भाग निकले।
इस घटना ने शहर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उधर, वारदात की सूचना पर सदर कोतवाल अशोक सिंह व जहानाबाद चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
निराला नगर निवासी वैभव पांडेय ठेकेदार है। दोपहर बाद वैभव किसी काम से विकास भवन स्थित डूडा कार्यालय गया था।
कार्यालय में काम निपटाने के बाद जैसे ही वह बाहर निकलने लगा। कार सवार चार बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया और वैभव के पास मौजूद एक लाख रुपये लूट लिए।
इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते, बदमाश नकदी लेकर भाग निकले। उधर, लूट की घटना से विकास भवन में काम करने वाले कर्मचारियों व अन्य लोगों में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंच गई। पीड़ित का आरोप है कि चार बदमाशों ने उससे एक लाख रुपये की लूट की है। कोतवाल का कहना है कि जांच में लेनदेन की बात सामने आ रही है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है। जल्द सही वजह सामने आएगी।