हादसे में घायल व्यक्ति को बिना संकोच पहुंचाएं अस्पताल
हरचंदपुर (रायबरेली)। ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की ओर से गुरुवार को सकल नारायण मेमोरियल स्कूल हरचंदपुर में पुलिस की पाठशाला लगाई गई।
मुख्य अतिथि सीओ महराजगंज गोपीनाथ सोनी, विशिष्ट अतिथि एसओ हरचंदपुर बृजमोहन सिंह, विद्यालय के प्रबंधक संजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सीओ गोपीनाथ सोनी ने कहा कि सड़क पर चलते समय यातायात के नियमों का पालन कर हम दुर्घटनाओं से बच सकते हैं। कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजकर मदद करनी चाहिए।
मदद करने वाले व्यक्ति को किसी प्रकार से परेशान नहीं किया जाता। इस तरह से हम हादसे में शिकार व्यक्ति की जिंदगी बच सकेंगे।
एसओ बृजमोहन सिंह ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल से बात कतई न करें। वाहन चलाते समय हेडफोन का इस्तेमाल खतरनाक साबित होता है। हेलमेट जरूर पहनें।
विद्यालय के प्रबंधक संजय सिंह ने कहा कि ‘अमर उजाला’ फाउंडेशन की ओर से लगाई गई पाठशाला उपयोगी है, जिसे छात्र छात्राओं को तमाम प्रकार की जानकारियां हासिल हुई।
उन्होंने कहा कि सड़क यातायात नियमों का पालन हर हाल में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि सकुशल यात्रा के लिए सड़क पर चलते समय यातायात के नियमों का पालन करना जरूरी है।
विद्यालय प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने कहा कि आज के दौर में यातायात नियमों का पालन करना बहुत जरूरी हो गया है। वजह सड़कों पर ट्रैफिक का बोझ बढ़ गया है।
सड़क हादसे में मरने वालों की तादाद बढ़ रही है। लापरवाही ये आपकी जान पर बन सकती है। स्कूल से ही यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए प्रयास किए जाएं।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने 1090 और यूपी 100 के बारे में पुलिस अधिकारियों से प्रश्न कर विस्तार से जानकारी हासिल की। संचालन कौशलेंद्र सिंह ने किया।