गोरखपुर व इलाहाबाद की टीमों ने जीता मैच
रायबरेली। राज्य स्तरीय सब जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को गोरखपुर और इलाहाबाद की टीम ने अपने-अपने मैच जीत लिए। प्रतियोगिता में खेले गए पांच मैचों में दो मैच ड्रा हो गए।
पहला मैच गोरखपुर और झांसी और दूसरा मैच आगरा और देवीपाटन मंडल के बीच खेला गया। पहले मैच में गोरखपुर टीम की आफरीन बानों और झांसी मंडल की शिवानी जाटव ने एक-एक गोल किया। ऐसी स्थित में मैच ड्रा हो गया। दूसरे मैच में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं। जिससे इनका मैच भी ड्रा घोषित कर दिया गया।
तीसरा मैच आजमगढ़ और गोरखपुर कॉलेज के बीच खेला गया। गोरखपुर कॉलेज की कामनी त्यागी ने तीन, शैल कुमार गुप्ता, निधि साहनी, रंजना, श्रेया ने एक-एक गोल करके टीम को 7-0 से जिताया। चौथे मैच में इलाहाबाद की खुशबू प्रजापति ने दो गोल करके टीम को जिताया। पांचवें मैच में गोरखपुर मंडल की गिन्नी आबी ने दो, आफरीन बानों ने दो, प्रीती शर्मा, अंतिमा यादव, पुष्पांजलि ने एक-एक गोल करके टीम को जिताया। प्रभारी क्रीड़ाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सब जूनियर का ओपन का ट्रायल 27 व 28 दिसंबर को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। इस मौके पर निर्णायक की भूमिका ऋषी कुमार, अनितेशमौर्या, धीरेंद्र कुमर, अशोक कुमार सोनकर, सुधीर चंद्र आदि ने निभायी।