नामांकन जुलूसों ने थाम दी रफ्तार
रायबरेली। नगर निकाय चुनाव के लिए इस समय जिले भर में नामांकन प्रक्रिया चल रही है। शहर में भी नगर पालिका परिषद के लिए नामांकन हो रहे हैं। कई दिग्गज प्रत्याशियों समेत काफी संख्या में दावेदारों ने बृहस्पतिवार को नामांकन कराया। जुलूस की शक्ल में निकले दिग्गजों के साथ वाहनों के काफिले की वजह से शहर के लगभग सभी प्रमुख मार्ग जाम से जूझे। दोपहिया वाहन सवार लोगों ने गली-मोहल्लों से होकर निकलने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। वहां भी लगे जाम ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।
जाम की सबसे बदहाल स्थिति डिग्री कॉलेज चौराहे और उसके आसपास रही। ज्यादातर प्रत्याशियों के जुलूस इसी चौराहे से होकर गुजरे। प्रत्याशियों के साथ यह जुलूस नामांकन स्थल तक नहीं जा सका। ऐसे में जुलूस में शामिल वाहनों का जमावड़ा डिग्री कॉलेज चौराहेा के आसपास ही लगा रहा। इस चौराहे से होकर गुजरने वाले सभी प्रमुख मार्गों कचहरी रोड, कैनाल रोड, जेल गार्डेन रोड और ओवरब्रिज की ओर जाने वाली सड़क जाम से जूझती रही। डिग्री कॉलेज चौराहे से भारी वाहनों का आवागमन भी होने के चलते पल-पल जाम लगता रहा है। वहां तैनात पुलिस जाम खोलवाने की पूरी कोशिश करती, लेकिन दूसरे ही पल फिर जाम लग जाता। जिससे न सिर्फ बड़े वाहन सवार फंसे रहे, बल्कि दोपहिया वाहन और छोटे चौपहिया सवार भी परेशान हुए। सत्य नगर के विवेक, निराला नगर के मनोज कुमार, इंदिरा नगर के दीनदयाल का कहना कि जाम ने तो आज रुला दिया।
इन लोगों किसी तरह बच-बचाकर गलियों से निकलने की जुगत की, लेकिन गलियों के बदहाल रास्तों और वहां भी लगे जाम ने उन्हें और मुश्किल में डाल दिया। कुछ ऐसा ही हाल जिला अस्पताल चौराहे, सुपर मार्केट, हाथी पार्क, चंदापुर मंदिर तिराहे के निकट भी रहा। पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक इन स्थानों पर जाम की स्थिति रही। हर कोई परेशान नजर आया। हर किसी को अपने गंतव्य तक पहुंचने की जल्दी रही। आटो रिक्शा वालों को भी गंतव्य तक सवारियां पहुंचाने के लिए इधर-उधर घूमकर जाना पड़ा। नामांकन स्थल के दूसरी ओर नेहरू नगर इलाके में भी जाम जैसे हालात रहे। एसपी शिवहरि मीणा का कहना है कि जाम की समस्या के निपटारे के लिए जल्दी ही कोई न कोई पहल की जाएगी। कल नामांकन का आखिरी दिन है। इस दिन नामांकन को लेकर भीड़ रहेगी। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस तैनात की जाएगी।