हादसे वाली यूनिट की बैरीकेडिंग
कर किया सीआईएसएफ के हवाले
रायबरेली। एनटीपीसी में हादसे वाली छह नंबर यूनिट की बैरीकेडिंग कराकर सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया है। इसके अंदर सिर्फ दिल्ली से आई उच्चस्तरीय टीम के सदस्य ही आ-जा सकते हैं। यूनिट में उसी को अंदर जाने की अनुमति मिलती है, जिसे जांच टीम के सदस्य बुलाते हैं या फिर उपकरणों के बारे पूछताछ करनी होती है।
यूनिट नंबर छह में हुए हादसे के नौ दिन बीत गए हैं, लेकिन जांच टीम कार्यदायी संस्थाओं बीएचईएल, पावर मेक समेत अन्य संस्थाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। यूनिट के अंदर हादसे के बाद क्या हो रहा है। किसकी जांच हो रही है और किस उपकरण के फोटोग्राफ लिए जा रहे हैं। इसकी जानकारी किसी को न हो और कोई बिना पूछे अंदर न जा सके। इसके लिए बैरीकेडिंग कराकर सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया है। सीआईएसएफ के अधिकारी और जवान 24 घंटे हादसे वाली यूनिट पर नजर गड़ाए हुए हैं। कौन जा रहा है और कितनी देर बाद वापस आ रहा है। इसकी पूरी डिटेल सीआईएसएफ के अधिकारियों के पास है। एनटीपीसी के पीआरओ एके श्रीवास्तव का कहना है कि यूनिट नंबर छह को बैरीकेडिंग कराकर कवर्ड कर दिया गया है और पूरी सुरक्षा सीआईएसएफ के हवाले कर दी गई है।