हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत
लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर नवाबगंज गांव के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों रात में जिला मुख्यालय से घर लौट रहे थे। हादसे के बाद वाहन फरार हो गया। अभी तक पता नहीं चल सका कि टक्कर मारने वाला वाहन और उसका चालक कौन था। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
जगतपुर थाना क्षेत्र के नवाबगंज कस्बे के निकट पंचवटी ढाबा के पास देर रात रायबरेली से घर वापस आते समय किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक प्रदीप कुमार बाजपेयी (30) पुत्र स्व. रामचंद्र बाजपेयी निवासी उदय राज का पुरवा मजरे हरपुर हल्ला और गांव के ही अनुपम सिंह (20) पुत्र वीरभान सिंह घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्रदीप कुमार को मृत घोषित कर दिया। अनुपम सिंह को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। हादसा किस गाड़ी से हुआ, इसका पता नहीं चल सका।
गांव के दो युवकों की मौत से माहौल गमगीन हो गया। परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मौत की खबर सुनते ही मृतक अनुपम की मां उषा सिंह व पिता वीरभान सिंह बिलख पड़े। अनुपम इकलौता बेटा था। वहीं प्रदीप परिवार में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी गुड़िया देवी एक पैर से दिव्यांग है। आठ वर्षीय पुत्र विवेक बाजपेयी है। एसओ लक्ष्मीकांत मिश्रा का कहना है कि हादसा करने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा रहा है।
इंसेट :
कार की टक्कर से ट्रक चालक की जान गई
रोहनियां (रायबरेली)। ऊंचाहार-प्रतापगढ़ सीमा पर शुक्रवार को ट्रक खड़ा कर सड़क पार कर रहे एक ट्रक चालक को कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हरदोई जिले के माधवगंज थाना क्षेत्र के पाटाकोला गांव निवासी शिशुपाल सिंह (40) पुत्र गिरेंद्र सिंह ट्रक चालक था। शुक्रवार सुबह ट्रक पर जैविक खाद लादकर लखनऊ से प्रतापगढ़ के परियावां बाजार जा रहा था। ऊंचाहार-प्रतापगढ़ सीमा पर ब्रह्मौली गांव के पास ट्रक खड़ा कर किसी काम के लिए सड़क पार कर रहा था। अचानक सामने से आ रही कार उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक वाहन कार छोड़कर कर मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने घायल ट्रक चालक को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफ र कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया घटनास्थल प्रतापगढ़ के नवाबगंज थाना क्षेत्र में पड़ता है। मामला वहीं दर्ज होगा, लेकिन मौत रायबरेली में होने के कारण शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए थाने से सिपाही भेजा गया है।